xAI में इस्तीफों का सिलसिला जारी, सह-संस्थापक जिम्मू बा और युहुआई वू ने छोड़ी कंपनी
क्या है खबर?
एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी xAI से कर्मचारियों के जाने का सिलसिला जारी है। अब कंपनी के सह-संस्थापक जिमी बा और युहुआई वू भी अलग हो चुके हैं। इससे पहले गूगल के पूर्व इंजीनियर क्रिस्टियन सेगेडी, इगोर बाबुश्किन, ग्रेग यांग और काइल कोसिक भी कंपनी छोड़ चुके हैं। लगातार हो रहे इन इस्तीफों ने कंपनी के अंदर चल रही हलचल और बदलावों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।
वजह
क्यों छोड़ रहे हैं कर्मचारी कंपनी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई कर्मचारियों ने बढ़ते काम के दबाव और अवास्तविक लक्ष्यों को वजह बताया है। कुछ लोगों का कहना है कि कंपनी ने प्रतिस्पर्धा में आगे निकलने के लिए जरूरत से ज्यादा वादे किए। रिसर्चर वाहिद काजेमी ने भी कहा कि सभी AI लैब एक जैसी चीजें बना रही हैं और उन्हें काम में रचनात्मकता की कमी महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने कुछ नया शुरू करने का फैसला किया है।
अंदरूनी मतभेद
कंपनी के अंदर क्या चल रहा है?
फाइनेंशियल टाइम्स (FT) की एक रिपोर्ट के अनुसार, xAI के भीतर अंदरूनी मतभेद और असंतोष की स्थिति बड़े स्तर पर बनी हुई है। कुछ कर्मचारियों का आरोप है कि नेतृत्व टीम ने तकनीकी विकास को लेकर मस्क से बड़े दावे किए, जिससे टीम पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। कंपनी के कोडिंग प्रोजेक्ट भी प्रतिस्पर्धी कंपनियों के उत्पादों से पीछे बताए जा रहे हैं। इससे टीम के मनोबल और कामकाज पर असर पड़ा है।
भविष्य
पुनर्गठन और भविष्य की तैयारी
स्थिति को संभालने के लिए कंपनी में बड़े स्तर पर पुनर्गठन शुरू किया गया है। गूगल डीपमाइंड के पूर्व इंजीनियर मैनुअल क्रोइस को कोडिंग ऑपरेशन संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। xAI का स्पेस-X के साथ विलय पहले ही हो चुका है और अब दोनों मिलकर काम कर रहे हैं। इस संयुक्त ढांचे के तहत संसाधनों और रणनीति को नई दिशा दी जा रही है। आने वाले समय में कंपनी के नतीजों और योजनाओं पर सबकी नजर रहेगी।