भारत की जन्म दर फिनलैंड से भी कम, एलन मस्क ने जताई चिंता
क्या है खबर?
दुनिया के चर्चित अरबपति एलन मस्क ने भारत की घटती जन्म दर को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि भारत की जन्म दर अब उस स्तर से नीचे पहुंच गई है, जो किसी देश की आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए जरूरी मानी जाती है। स्पेस-X के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह बात कही और उन्होंने यह प्रतिक्रिया अमेरिका फर्स्ट (AF) अकाउंट से शेयर पोस्ट पर दी है।
चिंता
मस्क ने अपनी पोस्ट में क्या कहा?
मस्क ने अपनी पोस्ट में कहा कि भारत की जन्म दर अब रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे आ चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षित वर्ग में यह दर काफी पहले ही इस स्तर से नीचे पहुंच चुकी थी। रिप्लेसमेंट लेवल वह न्यूनतम प्रजनन दर होती है, जो किसी देश की आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए जरूरी मानी जाती है। आमतौर पर यह दर 2.1 मानी जाती है।
आंकड़े
जन्म दर को लेकर ऐसे हैं आंकड़े
AF पोस्ट के अनुसार, भारत में पहली बार कुल प्रजनन दर (TFR) देश के इतिहास में काफी नीचे पहुंच गई है। आंकड़ों के मुताबिक, केवल एक दशक में यह दर 2.3 से घटकर 1.9 पर आ गई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि देश की राजधानी दिल्ली में प्रजनन दर अब 1.2 तक पहुंच गई है, जो फिनलैंड जैसे कई विकसित देशों से भी कम है। मस्क ने इसी को लेकर चिंता व्यक्त की है।