एली लिली ने UK में लॉन्च की वजन कम करने वाली गोली फाउंडायो
एली लिली कंपनी ने अपनी नई दवा फाउंडायो यूनाइटेड किंगडम (UK) में पेश की है। यह गोली उन लोगों के लिए है, जो वजन कम करना चाहते हैं या जिन्हें टाइप 2 शुगर की बीमारी है।
इस दवा के आने से UK यूरोप का पहला देश बन गया है, जहां यह उपलब्ध होगी। फाउंडायो को इस महीने की शुरुआत में ही मंजूरी मिली थी। ब्रिटेन में यह नोवो नॉर्डिस्क की वेगोवी के बाद दूसरी ओरल GLP-1 गोली है, जिसे मंजूरी मिली है।
इंजेक्शन से काफी कम है कीमत
फिलहाल फाउंडायो निजी पर्चे पर मिल रही है और इसकी मासिक कीमत 100 से 120 पाउंड (करीब 13,000-15,500 रुपये) के बीच है। यह कीमत एली लिली की इंजेक्शन वाली दवा मौनजरो से काफी कम है, जिसकी एक महीने की कीमत करीब 330 पाउंड (करीब 43,000 रुपये) है।
कंपनी नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ एंड केयर एक्सीलेंस (NICE) से बातचीत कर रही है, ताकि फाउंडायो को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का भी हिस्सा बनाया जा सके, वहीं यूरोपीय संघ (EU) में फाउंडायो पर अभी भी विचार चल रहा है।