प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद इलेक्ट्रिक गाड़ियों के शेयरों में आई 7 प्रतिशत तक बढ़त
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई अपील के बाद सोमवार को इलेक्ट्रिक गाड़ियों से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेज बढ़त देखने को मिल रही है। पश्चिम एशिया संकट और बढ़ती तेल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और इलेक्ट्रिक गाड़ियों का ज्यादा इस्तेमाल करने को कहा है। इसके बाद निवेशकों ने इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों के शेयरों में जमकर खरीदारी की है, जिससे कंपनियों के शेयर तेजी के साथ कारोबार करते दिखाई दिए।
उछाल
कई कंपनियों के शेयरों में उछाल
सोमवार के कारोबार में JBM ऑटो का शेयर 4 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 678 रुपये के पार पहुंच गया। ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में भी 3 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त दर्ज हुई। एथर एनर्जी का शेयर लगभग 7 प्रतिशत तक उछल गया, जबकि ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक में भी 3 प्रतिशत की तेजी देखी गई। बाजार में माना गया कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग बढ़ सकती है। इसी उम्मीद में निवेशकों ने इस सेक्टर में खरीदारी बढ़ा दी।
अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से की अपील
तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से ईंधन बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश को विदेशी तेल पर निर्भरता कम करनी होगी। इसके लिए लोगों को मेट्रो, कारपूल और इलेक्ट्रिक गाड़ियों का ज्यादा इस्तेमाल करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल की तरह वर्क फ्रॉम होम और वीडियो मीटिंग जैसे तरीकों को फिर अपनाने की जरूरत है। उनका कहना था कि इससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी और देश विदेशी मुद्रा बचा सकेगा।
अन्य
रेलवे और घरेलू चीजों पर भी जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने सामान की ढुलाई के लिए रेलवे और इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा इस्तेमाल करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास इलेक्ट्रिक गाड़ियां हैं, उन्हें उनका उपयोग बढ़ाना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से कुछ समय तक गैरजरूरी खर्च कम करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने सोना खरीदने और विदेश यात्रा जैसे खर्च टालने की बात कही। इसके अलावा, घरेलू उत्पादों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।