ED ने अनिल अंबानी के रिलायंस समूह से जुड़ी 3,034 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की
क्या है खबर?
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कारोबारी अनिल अंबानी के रिलायंस अनिल अंबानी समूह (RAAG) के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत मंगलवार को नई कार्रवाई की है। केंद्रीय एजेंसी ने समूह का एक फ्लैट, एक फार्महाउस, जमीन के टुकड़े और शेयरों सहित 3,034 करोड़ रुपये की नई संपत्तियों को जब्त कर लिया है। जब्त की गई संपत्तियां रिलायंस RAAG की कंपनियों रिलायंस कम्युनिकेशंस (Rcom) और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (R-Infra) से संबंधित हैं।
कार्रवाई
खंडाला का फॉर्महाउस भी जब्त
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED ने जो संपत्ति जब्त की है, उसमें मुंबई का एक फ्लैट, खंडाला का एक फार्महाउस, महाराष्ट्र का एक हिल स्टेशन, सानंद (अहमदाबाद) में कुछ जमीन के टुकड़े और R-Infra के 7.71 करोड़ शेयर शामिल हैं। केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत इन संपत्तियों को जब्त करने के लिए एक अस्थायी कुर्की आदेश जारी किया। बता दें कि यह जांच बैंक धोखाधड़ी और धन के गबन के आरोपों पर चल रही है।
जब्त
अब तक 19,344 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
ED ने RAAG के खिलाफ चल रही जांच के मामलों में अब तक कुल 19,344 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। पिछले दिनों केंद्रीय एजेंसी ने अनिल के मुंबई स्थित घर 'अबोड' को जब्त कर लिया था, जो पाली हिल इलाके में स्थित घर सबसे महंगे घरों में शामिल था। इसकी कीमत 3,716 करोड़ रुपये बताई जाती है। इससे पहले 8 शहरों में 3,084 करोड़ रुपये लागत की 40 संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया था।