ET अवॉर्ड्स 2026: मेक इन इंडिया और सस्टेनेबल उत्पादों को भी मिलेगी पहचान
इकोनॉमिक टाइम्स अपने 2026 'प्रोडक्ट ऑफ द ईयर' अवॉर्ड्स में 2 नई श्रेणियां जोड़कर इसे और बड़ा बना दिया है। इसमें 'मेक इन इंडिया प्रोडक्ट ऑफ द ईयर' और 'सस्टेनेबल प्रोडक्ट ऑफ द ईयर' श्रेणी जोड़ी गई हैं। इन श्रेणियों का मकसद उन भारतीय नवाचारों को सामने लाना है, जो डिजाइन, टेक्नोलॉजी या मैन्युफैक्चरिंग के मामले में सबसे अलग हैं।
साथ ही, उन उत्पादों को भी पहचान देना है, जो सचमुच पर्यावरण को फायदा पहुंचाते हैं।
इस कदम से ऐसी चीजों पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा, जो दुनिया की असल समस्याओं को सुलझाती हैं और जिनका बड़ा असर दिखता है।
डाटा के साथ बताना होगा असर
'मेक इन इंडिया' श्रेणी उन उत्पादों को पहचान देगी, जो भारत में बने और विकसित हुए हैं और जिन्होंने बाजार में अपने प्रदर्शन के दम पर बड़ा प्रभाव डाला है। इस प्रभाव को डाटा के साथ दिखाना होगा।
दूसरी तरफ, 'सस्टेनेबल प्रोडक्ट' श्रेणी उन चीजों को पहचान देगी, जिनके पर्यावरण को हुए फायदे के पुख्ता डाटा मौजूद हैं।
दोनों ही श्रेणियां कंपनियों को इस बात के लिए बढ़ावा देती हैं कि वे केवल सुर्खियां बटोरने के बजाय यह दिखाएं कि उनके विचार समाज और पर्यावरण के लिए कितना बड़ा फर्क ला रहे हैं।