EAAA इंडिया अल्टरनेटिव्स के शेयर बढ़त के साथ खुले, GMP अनुमानों से कम रही कीमत
EAAA इंडिया अल्टरनेटिव्स ने शेयर बाजार में हाल ही में कदम रखा है। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 1,675.50 रुपये और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 1,673 रुपये पर खुले, जो इसके आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) मूल्य से थोड़ा अधिक है।
हालांकि, यह ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में लगाए गए अनुमानों से कम रहा। इसकी शुरुआत भले ही बहुत शानदार न रही हो, लेकिन कंपनी के शेयर लिस्टिंग के बाद भी हरे निशान पर बने हुए हैं।
IPO 5.51 गुना हुआ सब्सक्राइब
कंपनी के IPO को निवेशकों से कुल मिलाकर अच्छी प्रतिक्रिया मिली और यह 5.51 गुना तक सब्सक्राइब हुआ। सबसे ज्यादा दिलचस्पी बड़े संस्थागत निवेशकों ने दिखाई, जबकि छोटे यानि रिटेल निवेशकों का उत्साह थोड़ा कम रहा।
लिस्टिंग से पहले कंपनी ने HDFC म्यूचुअल फंड जैसे एंकर निवेशकों से लगभग 360 करोड़ रुपये की रकम जुटाई थी। यह IPO एडेलवाइस ग्रुप की तरफ से एक ऑफर फॉर सेल (OFS) था, यानि इसमें कंपनी ने कोई नए शेयर जारी नहीं किए।
EAAA विभिन्न एसेट क्लास में लंबी अवधि की पूंजी का प्रबंधन करती है, जिनमें इंफ्रास्ट्रक्चर, कमर्शियल रियल एस्टेट और प्राइवेट क्रेडिट शामिल हैं।