डॉलर के मजबूत होने से फिसले सोने के दाम, ईरान संकट पर टिकी निवेशकों की निगाहें
सोने की कीमतों में सोमवार (1 जून) को हल्की गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और कच्चे तेल के दाम बढ़ने से सोने की चमक थोड़ी फीकी पड़ी।
हाजिर सोना 0.2 फीसदी गिरकर 4,527.36 डॉलर प्रति औंस (करीब 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) पर आ गया, वहीं अमेरिकी फ्यूचर्स में भी 0.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
डॉलर के मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है। इसके अलावा, कच्चे तेल के बढ़ते दाम महंगाई की चिंता को भी हवा दे रहे हैं।
ट्रंप के ईरान सीजफायर फैसले का इंतजार
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान सीजफायर को लेकर आने वाले फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं। शुक्रवार को जो प्रस्ताव आया था, उसे आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं, इस पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है।
दुनियाभर में जारी भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा रखी है। इस बीच, चांदी, प्लैटिनम और पैलेडियम के दामों में उछाल देखा गया। भारत में सोने की मांग ऊंची कीमतों और भारी आयात शुल्क के कारण धीमी पड़ी है, वहीं चीन के बाजार ने अभी भी सतर्क रुख अपनाया हुआ है।