मोबाइल रिचार्ज बिल में हो सकता है 12-15 फीसदी तक का इजाफा
आपके मोबाइल रिचार्ज बिल में अगले कुछ महीनों में 12 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसकी वजह यह है कि भारत की 3 प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों ने अपनी कीमतें फिर से बढ़ाने का मन बना लिया है।
सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च का कहना है कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि अब टेलीकॉम बाजार में कुछ ही बड़ी कंपनियों का दबदबा है।
हालांकि, एक अच्छी बात यह है कि ज्यादातर लोग अब अपने प्लान अपग्रेड कर रहे हैं और प्रीपेड से पोस्टपेड की ओर जा रहे हैं। इससे हर ग्राहक से होने वाली औसत कमाई (ARPU) में भी इजाफा हो रहा है।
जियो-एयरटेल ने जोड़े लाखों ग्राहक
जियो और एयरटेल लगातार लाखों नए ग्राहक जोड़ रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2027 की पहली तिमाही में जिओ ने करीब 70 लाख और एयरटेल ने 50 लाख नए ग्राहक अपने साथ जोड़े। दोनों कंपनियों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा जिलों में 5G सर्विस शुरू कर दी है। अब उनका मुख्य ध्यान ज्यादा से ज्यादा लोगों तक 5G डिवाइस पहुंचाने पर है।
दूसरी तरफ, नए ग्राहकों को जोड़ने के मामले में वोडाफोन-आइडिया (VI) पिछड़ रही है। हालांकि, कंपनी अपने कर्ज को 25,000 करोड़ रुपये तक कम करने में कामयाब रही है और उसने अपने 5G नेटवर्क को 100 शहरों तक पहुंचा दिया है।
इसके बावजूद, कंपनी को बाजार में अपने प्रतिद्वंद्वियों के साथ मुकाबला करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है।