कच्चे तेल-तनाव से एक महीने में सेंसेक्स 3.8 फीसदी लुढ़का, निफ्टी में 949 अंकों की गिरावट
भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है। पिछले एक महीने में सेंसेक्स करीब 3,000 अंक (3.8 फीसदी) लुढ़क गया है, वहीं निफ्टी में 949 अंकों (3.9 फीसदी) की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 555 अंक टूटकर 75,577 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 144 अंक फिसलकर 23,635 पर आ गया। बाजार में यह हलचल कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण देखने को मिली।
विदेशी निवेशकों ने निकाले 12,700 करोड़ रुपये
भारतीय रुपया, डॉलर के मुकाबले और कमजोर हो गया और 94.83 के स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक अनिश्चितता की वजह से सितंबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों से 12,700 करोड़ रुपये की बड़ी रकम निकाली। यह पिछले 2 महीनों में हुई खरीदारी के बिल्कुल विपरीत है।
ICICI बैंक, HDFC बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और अडाणी पोर्ट्स जैसी कंपनियों ने कुछ बढ़त दर्ज की।
एक तरफ जहां NRI जमा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है, वहीं कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और कमजोर रुपया बाजार पर लगातार दबाव बना रहे हैं।