अमेरिकी प्रतिबंध से चीन में एनवीडिया का दबदबा खत्म, हुआवे ले रही इसकी जगह
पहले चीन के चिप बाजार में एनवीडिया का ही दबदबा था, लेकिन अब हालात तेजी से बदल गए हैं। जब से अमेरिका ने एडवांस्ड चिप्स की बिक्री पर कड़े निर्यात नियम लागू कर दिए, तब चीनी टेक दिग्गज हुआवे अपने खुद के चिप्स के साथ मैदान में आ गई। खुद एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग ने भी माना है कि कंपनी अपनी बादशाहत खो चुकी है। उनका बाजार हिस्सेदारी कभी 95 फीसदी हुआ करता थी, जो अब काफी कम रह गया है।
असेंड की चीन में 50 फीसदी बाजार पर पकड़
हुआवे के असेंड चिप्स अब चीन में एनवीडिया को जोरदार टक्कर दे रहे हैं। सरकार के समर्थन और निर्यात प्रतिबंध के चलते शोधकर्ताओं का अनुमान है कि हुआवे इस साल के अंत तक आधे बाजार पर कब्जा कर लेगी, वहीं एनवीडिया सिर्फ 8 फीसदी पर सिमट सकती है। हालांकि, चीन में अभी भी अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शोध के लिए एनवीडिया के चिप्स की ही सबसे ज्यादा मांग बनी हुई है।