डोनाल्ड ट्रंप ने केविन वार्श को अमेरिकी फेडरल रिजर्व का चेयरमैन किया नामित
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेरोम पॉवेल की जगह केविन वार्श को फेडरल रिजर्व का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। ट्रंप लंबे समय से फेड की नीतियों और पॉवेल के फैसलों से नाराज थे। इस फैसले के साथ पिछले पांच महीनों से चल रही अनिश्चितता खत्म हो गई है। सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वार्श एक बेहतरीन फेड चेयरमैन साबित होंगे।
बाजार
बाजार में ज्यादा हलचल की उम्मीद नहीं
55 साल के केविन वार्श पहले भी फेड से जुड़े रह चुके हैं और वॉल स्ट्रीट में उनकी अच्छी साख मानी जाती है। जानकारों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से बाजार में कोई बड़ी हलचल नहीं होगी। निवेशकों को भरोसा है कि वार्श पूरी तरह राजनीतिक दबाव में काम नहीं करेंगे। विशेषज्ञों का कहना है कि वह शॉर्ट टर्म में आक्रामक फैसले नहीं लेंगे और लंबी अवधि में संतुलित नीति अपनाने की कोशिश करेंगे।
तनाव
ट्रंप और फेड के बीच पुराना तनाव
ट्रंप अपने पहले कार्यकाल से ही ब्याज दरों को लेकर फेड पर हमेशा दबाव बनाते रहे हैं। उन्होंने बार-बार रेट कम करने की मांग की और फेड के खर्चों पर भी सवाल उठाए। दूसरी ओर, वार्श ने भी पहले फेड के कामकाज में बदलाव की बात कही थी। ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें फेड के अंदर सहमति बनाकर फैसले लेना एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।