डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया साइट पर नए फीचर को लेकर विवाद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर एक नया फीचर ट्रुथ API लॉन्च किया है।
इससे कारोबारियों को हर महीने एक लाख डॉलर (करीब 90 लाख रुपये) तक चुकाने पर ट्रंप और दूसरे प्रभावशाली यूजर्स के पोस्ट तुरंत मिल जाएंगे।
यह सुविधा खासकर उन ट्रेडिंग फर्मों के लिए है, जो बाजार में उतार-चढ़ाव लाने वाली जानकारी सबसे पहले हासिल करना चाहती हैं।
दूसरी तरफ, इस सुविधा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है ओर इसकी जांच को लेकर मांग उठाई जा रही है।
सिनेटर्स ने उठाई इस सेवा की जांच की मांग
ट्रुथ API को लेकर अब बाजार में हेर-फेर और इनसाइडर ट्रेडिंग (कंपनी की गोपनीय जानकारी का उपयोग करके शेयर खरीदना या बेचना) जैसी चिंताएं उठने लगी हैं।
दरअसल, ट्रंप के पोस्ट अक्सर टैरिफ या नीतिगत फैसलों से जुड़े होते हैं, जिनका वित्तीय बाजारों पर सीधा असर पड़ता है। इसे लेकर सीनेटर एडम शिफ और एलिजाबेथ वारेन ने सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) से जांच की मांग की है कि क्या यह सेवा किसी नियम का उल्लंघन करती है।
उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या ट्रुथ सोशल में ट्रंप के वित्तीय निवेश की वजह से उन्हें आम निवेशकों के मुकाबले ज्यादा फायदा मिल रहा है।
सीनेटर्स ने अपने पत्र में लिखा है कि यह सब्सक्रिप्शन राष्ट्रपति के पद का अपने निजी फायदे के लिए सरासर गलत इस्तेमाल है। इससे आम निवेशकों के हितों और बाजारों की साख को नुकसान पहुंच रहा है, जबकि वॉल स्ट्रीट और दूसरे धनी लोग मालामाल हो रहे हैं।