ट्रंप ने वॉल स्ट्रीट जर्नल पर फिर किया मानहानि का मुकदमा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वॉल स्ट्रीट जर्नल के खिलाफ फिर से मानहानि का मुकदमा दायर किया। इसमें उन्होंने जेफरी एपस्टीन के साथ अपने संबंधों पर छपी खबर के लिए कम से कम 10 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) के हर्जाने की मांग की है।
इससे पहले एक न्यायाधीश ने कानूनी खामियों के कारण उनके पहले के मुकदमे को खारिज कर दिया था। यह मुकदमा उन कई मुकदमों में से एक है, जो ट्रंप ने व्यक्तिगत रूप से समाचार संगठनों के खिलाफ दायर किए हैं।
ट्रंप ने इन लोगों को बनाया आरोपी
ट्रंप के नए मुकदमे में बड़े मीडिया समूहों के मालिक रपर्ट मर्डोक, न्यूज कॉर्प, डाउ जोंस, न्यूज कॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रॉबर्ट थॉमसन और 2 पत्रकारों को आरोपी बनाया गया है। उनका आरोप है कि इस खबर ने उनकी साख और आर्थिक स्थिति को काफी नुकसान पहुंचाया है।
ट्रंप के मुकदमे में कहा गया है कि रूपर्ट मर्डोक के स्वामित्व वाले अखबार ने एक लेख प्रकाशित करके उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल किया है, जिसमें मृत यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन को भेजे गए जन्मदिन के कार्ड पर ट्रंप के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया था।
दूसरी तरफ, वॉल स्ट्रीट जर्नल अपनी रिपोर्टिंग पर पूरी तरह कायम है और इस मामले को लड़ने की तैयारी में है।