फैसेनेट टेक्सटाइल्स के शेयर की 20 फीसदी गिरावट के साथ शुरुआत
फैसेनेट टेक्सटाइल्स के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) प्लेटफॉर्म पर पहला दिन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
कंपनी के शेयर 120.80 रुपये पर खुले, जो आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) की तय कीमत 151 रुपये से 20 फीसदी कम थे। इसके बाद शेयर और भी नीचे गिरकर 114.80 रुपये पर आ गए।
हैरानी की बात यह रही कि IPO को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और यह 1.5 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था।
कर्ज चुकाने और कारखाना लगाने पर खर्च होगा पैसा
कंपनी ने 64.83 करोड़ रुपये का IPO जारी किया था, जिसमें नए शेयर और ऑफर फोर सेल (OFS) दोनों शामिल थे। कंपनी ने बताया कि IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और कर्ज चुकाने के लिए होगा।
इसके अलावा, कुछ पैसा क्षमता विस्तार और अन्य कॉर्पोरेट जरूरतों पर भी खर्च किया जाएगा।
बच्चों के कपड़ों पर कंपनी का खास ध्यान
पश्चिम बंगाल के बारासात, नॉर्थ 24 परगना में स्थित फैसेनेट कंपनी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए रेडीमेड कपड़े बनाने का काम करती है। कंपनी का मुख्य फोकस बच्चों के कपड़ों पर रहता है।