AI के कारण अमेरिका में गई 1.4 लाख टेक कर्मचारियों की नौकरी
इस साल बड़ी टेक कंपनियां छंटनी की वजह से सुर्खियों में हैं। 2026 में करीब 1.4 लाख अमेरिकी टेक कर्मचारियों ने अपनी नौकरियां खो दी हैं। यह पूरे देश में हुई कुल छंटनी का एक तिहाई से भी ज्यादा हिस्सा है।
अमेजन, ओरेकल, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनियों ने ही लगभग 50,000 लोगों को नौकरी से निकाला है, जो उनके कुल कर्मचारियों का करीब 6 फीसदी है।
इनमें से ज्यादातर छंटनी कोरोना काल में तेजी से हुई भर्तियों के बाद की गई हैं। अब कंपनियां लागत कम करने पर ध्यान दे रही हैं और भविष्य के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बड़ा दांव लगा रही हैं।
AI पर होगा करीब 69,000 अरब रुपये का निवेश
एक तरफ जहां हजारों लोगों की नौकरियां जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर, टेक दिग्गज AI में रिकॉर्ड तोड़ निवेश कर रहे हैं।
अमेजन, अल्फाबेट, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां इस साल करीब 725 अरब डॉलर (करीब 69,000 अरब रुपये) निवेश करने का अनुमान है, जिसका बड़ा हिस्सा AI सेवाओं के लिए डाटा सेंटर बनाने में खर्च होगा। ओरेकल भी अपने ग्राहकों के लिए क्लाउड सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगभग 70 अरब डॉलर (करीब 6,600 अरब रुपये) खर्च करने की तैयारी में है।
यह साफ दिखाता है कि कंपनियां भले ही कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं, लेकिन भविष्य के विकास के लिए AI पर दोगुना जोर दे रही हैं।