दीपिंदर गोयल ने अपनी टेक कंपनी टेंपल के लिए इन पदों पर भर्ती का किया ऐलान
क्या है खबर?
जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल की कंपनी टेंपल नई भर्ती कर रही है और बड़े स्तर पर टीम बना रही है। टेंपल एक ऐसा वियरेबल डिवाइस विकसित कर रही है जो एलीट एथलीट्स के लिए खास तौर पर तैयार किया जा रहा है। गोयल के मुताबिक, यह डिवाइस ऐसी चीजें मापेगा, जिन्हें दुनिया का कोई अन्य वियरेबल अभी माप नहीं पाता है। कंपनी का दावा है कि यह सटीकता और परफॉर्मेंस के नए स्तर पर काम करेगा।
पद
किन पदों पर हो रही है भर्ती?
कंपनी ने कई तकनीकी और रिसर्च आधारित पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। इनमें एनालॉग सिस्टम इंजीनियर, एम्बेडेड सिस्टम इंजीनियर, सेंसर एल्गोरिद्म इंजीनियर, डीप लर्निंग इंजीनियर और कंप्यूटर विज़न इंजीनियर शामिल हैं। इसके अलावा, न्यूरोसाइंस, ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस और न्यूरल डिकोडिंग से जुड़े विशेषज्ञों की भी जरूरत बताई गई है। कंपनी ऐसे प्रोडक्ट मैनेजर भी चाहती है जो खुद डिजाइन टूल्स पर काम कर सकें और तकनीकी समझ के साथ फैसले ले सकें।
शर्त
फिटनेस को लेकर सख्त शर्त
इस भर्ती की सबसे खास और चर्चा में रहने वाली बात फिटनेस से जुड़ी शर्त है। कंपनी ने कहा है कि पुरुष उम्मीदवारों का बॉडी फैट 16 प्रतिशत से कम और महिलाओं का 26 प्रतिशत से कम होना चाहिए। जो उम्मीदवार अभी इस स्तर पर नहीं हैं, वे तीन महीने में यह लक्ष्य हासिल करने की प्रतिबद्धता के साथ आवेदन कर सकते हैं। कंपनी उन्हीं लोगों के साथ काम करना चाहती है जो खुद एथलीट जैसी अनुशासित जीवनशैली अपनाते हों।
लक्ष्य
कैसे करें आवेदन और क्या है लक्ष्य?
इच्छुक उम्मीदवारों को build@temple.com पर ईमेल भेजने के लिए कहा गया है और सब्जेक्ट में अपनी मुख्य स्किल लिखनी भी जरुरी होगी। गोयल ने पोस्ट में साफ कहा कि कंपनी ऐसे लोगों की तलाश में है जो अपने बनाए प्रोडक्ट को खुद पहनें, परखें और बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत करें। टेंपल का लक्ष्य फिटनेस, टेक्नोलॉजी और न्यूरोसाइंस को जोड़कर परफॉर्मेंस ट्रैकिंग को बिल्कुल नए स्तर पर पहुंचाना है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
We're recruiting at @temple.
— Deepinder Goyal (@deepigoyal) February 27, 2026
At Temple, we are building the ultimate wearable for elite performance athletes. A device that measures what no other wearable in the world measures, with a level of precision that doesn't exist yet.
To build it, we need people who are obsessive… pic.twitter.com/iCHaMUwdEw