टेम्पल डिवाइस पर भिड़े दीपिंदर गोयल और द लिवर डॉक, क्या है पूरा विवाद?
क्या है खबर?
जोमैटो के सह-संस्थापक दीपिंदर गोयल और चर्चित डॉक्टर साइरिएक एबी फिलिप्स के बीच इन दिनों एक्स पर तीखी बहस चल रही है। विवाद गोयल के बनाए टेम्पल नाम के डिवाइस को लेकर है, जिसकी कीमत करीब 85,000 रुपये बताई जा रही है। गोयल इसके काम करने के तरीके का बचाव कर रहे हैं, जबकि डॉक्टर इसके वैज्ञानिक दावों पर सवाल उठा रहे हैं। मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
निवेश
गोयल ने निवेश और विज्ञान का दिया हवाला
गोयल ने आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि टेम्पल कोई धोखाधड़ी नहीं है।
उनके मुताबिक, इसके निर्माण पर करीब 3 करोड़ डॉलर खर्च हुए हैं, जिसमें 2 करोड़ डॉलर उन्होंने खुद लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कंपनी के पास 14 दिन में बिना वजह बताए पैसे वापस करने की सुविधा है।
गोयल का कहना है कि वह जल्दी पैसा कमाने के लिए अपनी वर्षों की प्रतिष्ठा दांव पर नहीं लगा सकते और उन्हें अपने विज्ञान पर भरोसा है।
दावा
डॉक्टर ने दावों को बताया गलत
सोशल मीडिया पर 'द लिवर डॉक' के नाम से लोकप्रिय डॉक्टर साइरिएक एबी फिलिप्स ने गोयल के जवाब को खारिज किया है।
उनका कहना है कि कंपनी ने डिवाइस के दावों को साबित करने वाला ठोस सबूत नहीं दिया है। फिलिप्स ने टेम्पल के विज्ञान और शोध के तरीकों पर सवाल उठाते हुए इसे खराब विज्ञान बताया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि डिवाइस त्वचा से मिलने वाले संकेतों को दिमाग के भीतर से मिले संकेतों की तरह पेश करता है।
डिवाइस
क्या है टेम्पल और कैसे करता है काम?
टेम्पल स्मार्टवॉच या स्मार्ट रिंग जैसा डिवाइस नहीं, बल्कि मटर के आकार का एक छोटा डिवाइस है, जिसे माथे के किनारे लगाया जाता है।
गोयल और उनकी टीम का दावा है कि यह दिमाग में खून के बहाव में होने वाले बदलावों पर नजर रख सकता है। इसमें एंट्रॉपी नाम का एक स्कोर भी है, जो बताता है कि शरीर खुद को संभालने के लिए कितनी मेहनत कर रहा है।
हालांकि, इन दावों की पुष्टि को लेकर सवाल हैं।
फिटनेस ट्रैकर
टेम्पल को फिटनेस ट्रैकर बता रहे गोयल
विवाद के बीच गोयल ने साफ किया कि टेम्पल कोई मेडिकल उपकरण नहीं, बल्कि फिटनेस और सेहत पर नजर रखने वाला डिवाइस है।
उन्होंने कहा कि किसी भी माप की चिकित्सकीय पुष्टि होने पर इसकी जानकारी दी जाएगी। इस बयान पर फिलिप्स ने सवाल उठाया कि फिर दिमाग से जुड़े दावे क्यों किए गए।
उन्होंने इसकी करीब 85,000 रुपये कीमत पर भी आपत्ति जताई। फिलहाल टेम्पल की प्री-बुकिंग जारी है और यह 6 रंगों में उपलब्ध है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Add-on: Now he claims it is just a "fitness tracker" and has nothing to do with the brain? Wow. So $900 for a mere fitness tracker made in India with different claims? pic.twitter.com/TmYZUWIqEs
— TheLiverDoc™ (@theliverdoc) November 5, 2026