जेपी मॉर्गन के वेंडर्स पर साइबर हमला, ग्राहकों का डाटा चोरी होने की आशंका
क्या है खबर?
अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में शामिल जेपी मॉर्गन चेस ने बताया है कि उसकी सेवाएं देने वाली कुछ बाहरी कंपनियों पर साइबर हमला हुआ है। इस हमले में हैकर्स इन कंपनियों के पास मौजूद कुछ जानकारी चुराने में कामयाब रहे। इसमें बैंक के कुछ ग्राहकों के नाम और ईमेल एड्रेस भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, बैंक ने साफ किया है कि इस घटना से उसकी सेवाओं और रोजमर्रा के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है।
सुविधा
ग्राहकों को बैंक देगा मदद और सुरक्षा की सुविधा
बैंक के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और अब तक चोरी हुए डाटा में मार्केटिंग से जुड़ी जानकारी सामने आई है।
इसमें कुछ ग्राहकों के नाम और ईमेल एड्रेस शामिल होने की आशंका है। बैंक ने कहा है कि जिन ग्राहकों की जानकारी प्रभावित हुई है, उनसे सीधे संपर्क किया जाएगा।
उन्हें मुफ्त क्रेडिट निगरानी की सुविधा समेत जरूरी सहायता भी दी जाएगी। फिलहाल, बैंक ने प्रभावित ग्राहकों की संख्या नहीं बताई है।
संबंध
हालिया तकनीकी खराबी से साइबर हमले का संबंध नहीं
जेपी मॉर्गन ने स्पष्ट किया है कि वेंडर्स पर हुआ साइबर हमला इस सप्ताह बैंक की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी से जुड़ा नहीं है।
16 नवंबर को सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण अमेरिका में कई ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में परेशानी हुई थी। बैंक ऑफ अमेरिका और वेल्स फार्गो के कुछ ग्राहकों को भी चेस अकाउंट्स से लेनदेन करने में दिक्कत आई थी।
इसके बाद अमेरिकी नियामक ने बैंक से इस रुकावट को लेकर जानकारी मांगी थी।
मामले
पहले भी सामने आ चुके हैं थर्ड-पार्टी कंपनियों से जुड़े मामले
जेपी मॉर्गन चेस पहले भी बाहरी कंपनियों से जुड़े सुरक्षा जोखिमों का सामना कर चुका है।
साल 2025 में रियल एस्टेट फाइनेंस कंपनी साइटस AMC पर साइबर हमला हुआ था, जिससे ग्राहकों से जुड़ी जानकारी उजागर होने की आशंका जताई गई थी।
हालांकि, जेपी मॉर्गन ने तब कहा था कि उसके सिस्टम को सीधे निशाना नहीं बनाया गया। बैंक के सुरक्षा प्रमुख पैट्रिक ओपेट ने भी सॉफ्टवेयर कंपनियों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की थी।