क्यूरफूड्स ने टाला 800 करोड़ रुपये का IPO, जानिए क्या है वजह
ईटफिट और क्रिस्पी क्रीम जैसे बड़े ब्रांड चलाने वाली क्लाउड किचन स्टार्टअप क्यूरफूड्स ने अपने 800 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम( IPO) को फिलहाल रोक दिया है।
कंपनी को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन IPO से पहले हुए रोडशो में वह म्यूचुअल फंड्स को अपनी तरफ खींच नहीं पाई।
इसकी वजह बाजार की खराब हालत और घाटे में चल रही कंपनियों को लेकर निवेशकों की चिंताएं मानी जा रही हैं। क्यूरफूड्स को उम्मीद है कि अगर, बाजार के हालात सुधरते हैं तो वह 2027 में फिर से IPO लाने की कोशिश करेगी।
प्री-IPO राउंड में 160 करोड़ रुपये जुटाए
क्यूरफूड्स अकेली कंपनी नहीं है, जिसने ऐसा फैसला लिया है। इस साल फोनपे जैसी कई बड़ी कंपनियां भी अपने IPO टाल चुकी हैं।फ्लिपकार्ट के पूर्व कार्यकारी अधिकारी अंकित नागौरी ने इस कंपनी की शुरुआत की थी। वर्तमान में क्यूरफूड्स 70 शहरों में 500 से ज्यादा किचन्स का संचालन करती है।
IPO के जरिए कंपनी अपना कारोबार बढ़ाना और कर्ज चुकाना चाहती थी। हालांकि, निर्गम में देरी हुई है, लेकिन कंपनी ने हाल ही में प्री-IPO राउंड से 160 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह दर्शाता है कि निवेशकों को अब भी कंपनी की ग्रोथ पर भरोसा है।