CRED ने लॉन्च किया सर्किल प्लेटफॉर्म, 100 से ज्यादा विशेषज्ञों से मिलेगी सलाह
CRED ने एक नया प्लेटफॉर्म सर्किल लॉन्च किया है। यह बीटा प्लेटफॉर्म चुनिंदा सदस्यों को करियर, पैसे, वेलनेस और रिश्तों जैसे क्षेत्रों में अनुभवी लोगों के साथ आमने-सामने बातचीत करने की सुविधा देता है।
यह प्लेटफॉर्म 100 से ज्यादा 'रेजिडेंट्स' (विशेषज्ञों) की सलाह उपलब्ध कराता है। कंपनी का कहना है कि इन्हें उनकी अहमियत, क्रेडेंशियल्स और अनुभव के आधार पर चुना गया है। सदस्य सप्ताह के सातों दिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे के बीच उनसे टेक्स्ट, ऑडियो या वीडियो बातचीत के जरिए जुड़ सकते हैं।
शुरुआत में सीमित सदस्यों काे मिलेगी सुविधा
शुरुआत में यह सुविधा CRED के कुछ खास सदस्यों के लिए ही उपलब्ध कराई गई है, लेकिन सर्किल ऐप पर आप अभी भी वेटलिस्ट में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
एक सेशन के लिए हर मिनट 25 रुपये चुकाने होंगे। अगर, आपको और मदद चाहिए तो बाद में दोबारा (फॉलो-अप) बात करने का विकल्प भी है।
CRED का कहना है कि सर्किल का मकसद है गूगल पर जानकारी खंगालने और असल लोगों से प्रैक्टिकल सलाह लेने के बीच की खाई को भरना।
शुरुआत में वे 4 श्रेणियों पर फोकस कर रहे हैं, लेकिन आगे चलकर और भी श्रेणियां जोड़ी जाएंगी। खास बात है कि यह लॉन्च इस साल हुए कुछ बड़े लीडरशिप बदलावों के बाद सामने आया है।