कंट्री डिलाइट ला रही करीब 2,800 करोड़ रुपये का IPO
घर तक ताजा दूध और फल-सब्जियां पहुंचाने वाली ऐप कंट्री डिलाइट अब एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। यह भारत में अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की तैयारी कर रही है।
अगले 12-18 महीनों में कंपनी 30 करोड़ डॉलर (करीब 2,850 करोड़ रुपये) तक की रकम जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके लिए बैंकिंग पार्टनर चुनने की प्रक्रिया इसी सितंबर से शुरू हो जाएगी।
वित्त वर्ष 2024 में 1,380 करोड़ रुपये का राजस्व
IPO में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ कुछ मौजूदा शेयरधारक भी अपने शेयर बेचकर बाहर निकलेंगे। IPO के लिए आधिकारिक आवेदन दाखिल करने से पहले कंट्री डिलाइट अपनी वैल्यू तय करने के लिए प्री-IPO फंडिंग राउंड भी कर सकती है। इस कंपनी की शुरुआत 2015 में भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) इंदौर के 2 ग्रेजुएट ने की थी। तब से कंपनी ने तेजी से वृद्धि की है और दिल्ली NCR, मुंबई, बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों तक अपना कारोबार फैलाया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का राजस्व 1,380 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले 46 फीसदी ज्यादा है।
टेमासेक की कंट्री डिलाइट में 13 फीसदी हिस्सेदारी
कंट्री डिलाइट में टेमासेक होल्डिंग्स की 13 फीसदी की मजबूत हिस्सेदारी है। मार्च, 2025 में टेमासेक होल्डिंग्स PTE से 2.5 करोड़ डॉलर (करीब 235 करोड़ रुपये) जुटाने के बाद कंपनी का मूल्यांकन 82 करोड़ डॉलर (करीब 7,800 करोड़ रुपये) पर आंका गया था। यह मूल्यांकन पिछले मूल्यांकन के बराबर ही रहा था।