वाणिज्यिक गैस हुई महंगी, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़े
क्या है खबर?
महीने की पहली तारीख को महंगाई का एक और झटका लगा है। गैस कंपनियों ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम में 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाली वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है। साथ ही 5 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये तक का इजाफा किया गया है। अब सभी महानगरों में सिलेंडर की कीमत 3,000 रुपये को पार कर गई है।
शहर
जानें बड़े शहरों में सिलेंडर के दाम
दिल्ली में अब गैस सिलेंडर की कीमत 3,113.50 रुपये हो गई है। पहले ये 3,071.50 रुपये में मिल रहा था। कोलकाता में कीमत सबसे ज्यादा 53.50 रुपये बढ़ी है, जिसके बाद 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की नई कीमत 3,255.50 रुपये हो गई है। मुंबई में कीमतों में 43.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब सिलेंडर 3,067.50 रुपये में मिल रहा है। चेन्नई में 46 रुपये बढ़े हैं। पहले 3,237 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर अब 3,283 रुपये में मिलेगा।
बढ़ोतरी
6 महीने में लगभग दोगुने हुए दाम
इस साल वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार 7वीं बार इजाफा हुआ है। 19 किलोग्राम सिलेंडर के दाम बीते 6 महीने में 97 प्रतिशत बढ़ गए हैं। दिल्ली में बीते 6 महीनों में वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम में 1,533 रुपये बढ़ चुके हैं। ये 6 महीने में 97 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। हालांकि, आज घरों में इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।