कोफोर्ज ने करीब 475 अरब रुपये का राजस्व हासिल करने की बनाई योजना
भारत की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनियों में से एक कोफोर्ज ने वित्त वर्ष 2030 तक 5 अरब डॉलर (करीब 475 अरब रुपये) का राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी इस लक्ष्य को लेकर काफी आश्वस्त दिख रही है।मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुधीर सिंह ने बताया कि कंपनी अपनी मजबूत वृद्धि और समझदारी भरे फैसलों के दम पर इस लक्ष्य को हासिल करेगी।
इसमें अधिक मांग वाले क्षेत्रों में विस्तार करना और बड़े सौदे करना शामिल है। बता दें कि इस साल कंपनी ने 1.87 अरब डॉलर (करीब 170 अरब रुपये) का राजस्व कमाया है, जो पिछले साल के मुकाबले 29 फीसदी ज्यादा है।
एनकोरा को खरीदने से होगी सेवाओं में वृद्धि
कोफोर्ज की कामयाबी का बड़ा हिस्सा ट्रैवल, हॉस्पिटैलिटी और ट्रांसपोर्टेशन जैसे क्षेत्रों में बढ़ती मांग की वजह से है। कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा कदम इस साल की शुरुआत में अमेरिकी IT फर्म एनकोरा को 2.35 अरब डॉलर (करीब 220 अरब रुपये) में खरीदना रहा है।
यह सौदा उनकी सेवाओं को और भी आगे बढ़ाएगा। इसके साथ ही, कंपनी ने प्रतिद्वंद्वियों से केवल आगे निकलने की होड़ में रहने की बजाय सक्रिय साझेदारियों पर ध्यान दिया है।
इसी के दम पर उन्होंने 14.4 फीसदी का मजबूत ऑपरेटिंग मार्जिन भी बनाए रखा है। इसके अलावा, वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में माहिर खास प्रतिभाओं की भी भर्ती कर रहे हैं।