अगले सप्ताह शेयर बाजार में आ रहे 770 करोड़ रुपये के 2 IPO
भारतीय शेयर बाजार में अगले सप्ताह 2 नए आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) आ रहे हैं। CMR ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागॉन न्यूट्रिशन के निर्गम का कुल मूल्य लगभग 770 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
ये दोनों ऑफर फॉर सेल (OFS) हैं, ऐसे में इनसे जो भी पैसा मिलेगा, वह सीधे कंपनियों को न मिलकर बेचने वाले शेयरधारकों को जाएगा।
वैश्विक अनिश्चितता के चलते जहां IPO बाजार इन दिनों काफी सुस्त है, ऐसे में यह कदम काफी साहसिक माना जा रहा है।
IPO किस दिन देंगे दस्तक?
CMR ग्रीन का IPO 3 से 5 जून के लिए खुलेगा, जिसमें शेयरों का भाव 182 से 192 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसके लिए एंकर बिडिंग 2 जून से ही शुरू हो जाएगी, वहीं हेक्सागॉन न्यूट्रिशन का 5 से 9 जून तक खुलेगा और इसके शेयरों का भाव 42 से 45 रुपये के बीच रखा गया है।
इन दोनों कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग की तारीखें भी तय हो चुकी हैं। CMR ग्रीन के शेयर 10 जून को और हेक्सागॉन न्यूट्रिशन के शेयर 12 जून को लिस्ट होने की उम्मीद है, जबकि कई दूसरी कंपनियां अभी बेहतर बाजार के माहौल का इंतजार कर रही हैं।