चीन की 5 कंपनियां ला रहीं करीब 500 अरब रुपये के IPO
चीन की 5 बड़ी तकनीकी और विनिर्माण कंपनियों ने इस सप्ताह हांगकांग में अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए आवेदन जमा किए हैं। इन कंपनियों का लक्ष्य कुल 5.6 अरब डॉलर (करीब 500 अरब रुपये) जुटाना है।
दरअसल, चीन चाहता है कि उसकी घरेलू कंपनियां विदेश के बजाय अपने देश में ही पूंजी जुटाएं और यह उसी बड़ी कोशिश का हिस्सा है।
खास बात यह भी है कि हांगकांग के IPO बाजार में फिर से तेजी लौटी है क्योंकि इस साल के पहले 6 महीनों में नई लिस्टिंग्स में 57 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है।
लक्सशेयर प्रेसिजन का IPO इनमें सबसे बड़ा
ऐपल के पुर्जे बनाने वाली कंपनी लक्सशेयर प्रेसिजन इस दौड़ में सबसे आगे है। यह कंपनी 3.15 अरब डॉलर (करीब 300 अरब रुपये) का IPO ला रही है। इसके शेयर 9 जुलाई से बाजार में ट्रेड होना शुरू होंगे।
इस IPO की लहर में चाओझोउ थ्री-सर्कल, नेक्सचिप सेमीकंडक्टर, गुआंग्डोंग डीटेक टेक्नोलॉजी और रोकाए (शेडोंग) रोबोटिक्स समूह जैसी अन्य कंपनियां भी शामिल हैं। ये सभी इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर रोबोटिक्स तक कई अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रही हैं।