चीन ने ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर लगाया भारी जुर्माना
चीन के बाजार नियामक ने सीट्रिप और स्काईस्कैनर जैसी ट्रैवल कंपनियों का संचालन करने वाले ट्रिप डॉट कॉम पर कुल 77 करोड़ डॉलर (करीब 7,300 करोड़ रुपये) का भारी जुर्माना लगाया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म ने ऑनलाइन होटल बुकिंग के बाजार में अपनी बड़ी ताकत का गलत इस्तेमाल किया।
कंपनी ने होटल्स के साथ खास समझौते किए और ग्राहकों के सामने होटल बुकिंग के विकल्प कम कर दिए। इसके अलावा, उसने कुछ तकनीकी दांव-पेंच भी अपनाए, जिससे बाजार में दूसरी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा मुश्किल हो गई।
कंपनी को होटल्स को वापस करने होंगे पैसे
इस जुर्माने के बाद, ट्रिप डॉट कॉम को अब 12.20 करोड़ युआन (करीब 170 करोड़ रुपये) उन होटल्स को वापस देने होंगे, जिनकी बुकिंग के लिए उसने जमा राशि रोक रखी थी।
कंपनी ने कहा है कि वह इस जुर्माने को पूरी तरह स्वीकार करती है और जल्द ही जरूरी बदलाव करने का वादा किया है।
यह कार्रवाई चीन सरकार के उस बड़े अभियान का हिस्सा है, जो बड़ी-बड़ी टेक कंपनियों के एकाधिकार और प्रतिस्पर्धा-विरोधी रवैये पर लगाम कसने के लिए चलाया जा रहा है।
इसका मुख्य मकसद व्यवसायों और ग्राहकों दोनों के लिए बाजार में निष्पक्षता बनाए रखना है।