चीनी सेन्य कंपनी का दर्जा देने पर CXMT ने अमेरिकी रक्षा विभाग पर किया मुकदमा
चीन की एक बड़ी मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनी चांगशिन मेमोरी टेक्नोलॉजीस (CXMT) ने अमेरिकी रक्षा विभाग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने इस कंपनी को 'चीनी सैन्य कंपनी' कहा है, जिस पर उसने कड़ी आपत्ति जताई है।
कंपनी का कहना है कि यह पदनाम, जो सबसे पहले 2025 में दिया गया था, उसकी साख को बहुत नुकसान पहुंचा रहा है। इस ठप्पे के चलते कंपनी को सरकारी ठेके मिलने में भी दिक्कत आ सकती है।
CXMT का दावा है कि उसके चिप्स केवल आम लोगों और व्यापारिक कामों के लिए बने हैं, उनका सेना से कोई लेना-देना नहीं है। कंपनी का यह भी आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और यह एकतरफा थी।
मुकदमे में रक्षा अधिकारियों के नाम शामिल
कंपनी का कहना है कि इस पदनाम को चुनौती देने और सूची से अपना नाम हटवाने के लिए उन्होंने एक साल से ज्यादा समय तक संबंधित अधिकारियों को जरूरी डाटा और जानकारी दी।
पेंटागन ने इस साल फरवरी में एक नोटिस जारी कर बताया था कि कंपनी को सूची से हटा दिया जाएगा, लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि उसी दिन बाद में इस नोटिस को वापस ले लिया गया।
अब अलीबाबा की तरह ही CXMT भी इस लेबल को तुरंत हटवाना चाहती है। इसके लिए उन्होंने अपने मुकदमे में कई वरिष्ठ अमेरिकी रक्षा अधिकारियों को भी शामिल किया है।