निवेशकों की सुरक्षा के लिए अमेरिका में डिजिटल एसेट के लिए स्पष्ट होंगे नियम
अमेरिका डिजिटल एसेट नियमों को और सख्त करने की तैयारी में है। कमोडिटी फ्यूचर्स ट्रेडिंग कमीशन (CFTC) ने ऐसे नए प्रस्ताव पेश किए हैं, जो बड़े निवेशकों से लेकर आम यूजर्स तक सभी के लिए नियमों को ज्यादा साफ और समझने लायक बनाएंगे।
इनका मुख्य मकसद है साफ दिशा-निर्देश तय करना, लोगों को जोखिम भरी चालों से बचाना और स्टेबलकोइन जैसे नए डिजिटल नवाचारों को कानूनी तौर पर मान्यता दिलाना।
बिटगेट की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ग्रेसि चेन का कहना है कि इन नियमों का असली असर उनके बारीक पहलुओं और बाकी अमेरिकी नियामक नीतियों के साथ उनके तालमेल पर ही निर्भर करेगा।
निवेशकों को मिल सकती है मदद
क्रिप्टो नियमों के साफ होने से नए उत्पाद और कंपनियों के लिए बाजार में उतरना आसान होगा। इससे निवेशकों को भी यह समझने में आसानी होगी कि क्या सुरक्षित है और क्या नहीं।
क्रिप्टो एक्सचेंजों के लिए सीधे और स्पष्ट नियम होने पर वे टेक्नोलॉजी को अपग्रेड करने और यूजर्स की सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे। डिजिटल एसेट, जैसे कि स्टेबलकोइन या ब्लॉकचेन पेमेंट लगातार विकसित हो रहे हैं, ऐसे में उन पर लगातार निगरानी रखना और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है।