Page Loader
केंद्र सरकार एयर इंडिया को भेजेगी कारण बताओ नोटिस, बुजुर्ग महिला को नहीं मिला था व्हीलचेयर
केंद्र सरकार एयर इंडिया को भेजेगी कारण बताओ नोटिस

केंद्र सरकार एयर इंडिया को भेजेगी कारण बताओ नोटिस, बुजुर्ग महिला को नहीं मिला था व्हीलचेयर

Mar 17, 2025
07:30 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने दिल्ली एयरपोर्ट पर 82 वर्षीय महिला यात्री को व्हीलचेयर न देने के मामले में एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया है। नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने सोमवार को राज्यसभा में बताया कि DGCA इस मामले की जांच कर रहा है। सरकार ने CCTV फुटेज की समीक्षा शुरू कर दी है और एयरलाइन से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उड्डयन नियमों के तहत जरूरतमंद यात्रियों को व्हीलचेयर देना अनिवार्य है।

मामला

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 4 मार्च को दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई थी, जब महिला यात्री को पहले से बुक की गई व्हीलचेयर नहीं मिली। सोशल मीडिया पर उनकी पोती ने आरोप लगाया कि 1 घंटे तक कोई सहायता नहीं दी गई, जिससे महिला गिर पड़ीं। इसके बाद एयर इंडिया ने सफाई दी कि परिवार ने उड़ान से 90 मिनट पहले व्हीलचेयर मांगी थी और उन्हें तत्काल व्हीलचेयर दी गई। हालांकि, महिला की पोती ने एयर इंडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतें

एयर इंडिया पर अन्य शिकायतें भी आईं

इस घटना के अलावा, एयर इंडिया की शिकागो-दिल्ली फ्लाइट में टॉयलेट जाम होने की समस्या भी सामने आई। 6 मार्च को उड़ान के दौरान टॉयलेट जाम हो गए, जिससे विमान को वापस लौटना पड़ा। जांच में पता चला कि पाइपलाइन में पॉलिथीन बैग और कपड़े फंसे थे। नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश तैयार कर रही है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।