CBI ने अनिल अंबानी और रिलायंस कैपिटल पर दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिलायंस कैपिटल लिमिटेड और उसके पूर्व अध्यक्ष अनिल अंबानी के खिलाफ 1,816.22 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की शिकायत के बाद की गई है। EPFO ने रिलायंस कैपिटल और अनिल अंबानी पर धोखा देने, आपराधिक साजिश रचने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। यह मामला संगठन के निवेश से जुड़ा है, जो असल में कर्मचारियों की बचत का पैसा होता है।
2,500 करोड़ रुपये डायवर्ट करने का आरोप
यह पूरा मामला 2013-14 का है, जब रिलायंस कैपिटल ने सुरक्षित बॉन्ड्स (NCD) के जरिए 2,500 करोड़ रुपये जुटाए थे। EPFO ने भी इन बॉन्ड्स में बड़ा निवेश किया था, लेकिन बाद में ये बॉन्ड्स डिफॉल्ट हो गए।
आरोप है कि इस पैसे को गलत तरीके से कहीं और डायवर्ट कर दिया गया और लेन-देन में भी भारी गड़बड़ी की गई।
अब इस मामले में 1,816.22 करोड़ रुपये की देनदारी बनी हुई है, जिसमें ब्याज भी शामिल है। CBI अब इस मामले में शामिल सभी लोगों की जांच कर रही है। इसके अलावा, रिलायंस ADA ग्रुप की अन्य कंपनियों की भी जांच कर रही है, जिनके खिलाफ भी इसी तरह के आरोप सामने आए हैं।