CBI ने किया अनिल अंबानी के खिलाफ LIC से धोखाधड़ी का मामला दर्ज
क्या है खबर?
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अनिल अंबानी और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी कर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को 3,750 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। एजेंसी की यह कार्रवाई एक फोरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट के बाद हुई है। इसमें दूरसंचार कंपनी पर LIC को उच्च मूल्य के डिबेंचर खरीदने के लिए प्रेरित करने हेतु धन की हेराफेरी करने और अपनी वित्तीय स्थिति को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया है।
आरोप
LIC ने क्या की है शिकायत?
CBI ने अनिल अंबानी, रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों को आरोपी बनाते हुए FIR दर्ज की है। LIC द्वारा दायर शिकायत के अनुसार, बीमा कंपनी को 4,500 करोड़ रुपये के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) खरीदने के लिए धोखाधड़ी से प्रेरित किया गया था। एजेंसी का आरोप है कि RCOM प्रबंधन ने कंपनी की वित्तीय स्थिरता और LIC को गिरवी रखी गई संपत्तियों के वास्तविक मूल्य के बारे में गलत जानकारी दी।
जांच
ऑडिट रिपोर्ट में हुआ खुलासा
यह मामला BDO इंडिया LLP द्वारा किए गए एक फोरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट पर आधारित है, जिसे 2020 के अंत में अंतिम रूप दिया गया था। ऑडिट में कथित तौर पर धन के हेराफेरी का एक व्यवस्थित पैटर्न सामने आया है। इसमें सहायक कंपनियों के माध्यम से पूंजी का प्रवाह, फर्जी बिल डिस्काउंटिंग का उपयोग और वित्तीय संस्थानों से जुटाई गई धनराशि को निकालने के लिए शेल संस्थाओं का निर्माण शामिल है। गिरवी रखी गई संपत्तियों की कीमत बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई।