कार्नेलियन म्यूचुअल फंड ने स्मॉल-कैप फंड के लिए SEBI के समक्ष दाखिल किया आवेदन
कार्नेलियन म्यूचुअल फंड अब इक्विटी बाजार में उतरने जा रहा है। कंपनी ने अपने पहले 'कार्नेलियन स्मॉल कैप फंड' के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास आवेदन जमा किया है। यह नया फंड उन स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश करने पर ध्यान देगा, जिनमें अच्छी ग्रोथ की संभावना है। बेहतरीन निवेश के अवसरों को पहचानने के लिए यह फंड कई तरह की रिसर्च रणनीतियों का इस्तेमाल करेगा।
10 रुपये से शुरू कर सकते हैं निवेश
इस फंड का प्रबंधन दीपक मलिक और विराज पारेख करेंगे। वे ऐसी कंपनियों पर खास ध्यान देंगे, जिनका पिछला रिकॉर्ड मजबूत रहा है और जिनमें भविष्य में आगे बढ़ने की काफी गुंजाइश है।
आप इस नए फंड ऑफर (NFO) के दौरान प्रति यूनिट 10 रुपये की शुरुआती कीमत पर निवेश कर सकते हैं। इसमें कोई लॉक-इन पीरियड नहीं होगा, यानि आप अपनी जरूरत के हिसाब से कभी भी यूनिट खरीद या बेच पाएंगे।
गौरतलब है कि कार्नेलियन को इसी जुलाई में अपना म्यूचुअल फंड कारोबार शुरू करने के लिए हाल ही में SEBI से मंजूरी मिली थी। यह नया फंड उसी मंजूरी के बाद बाजार में लाने की तैयारी है।