कार्ल्सबर्ग इंडिया ने IPO के लिए SEBI के पास जमा किए नए दस्तावेज
क्या है खबर?
बीयर बनाने वाली कंपनी कार्ल्सबर्ग इंडिया ने शेयर बाजार में उतरने की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी ने अपने प्रस्तावित IPO के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास नए दस्तावेज जमा किए हैं। इससे पहले कंपनी ने जुलाई, 2026 में गोपनीय तरीके से शुरुआती दस्तावेज दाखिल किए थे। SEBI ने अक्टूबर की शुरुआत में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब कंपनी IPO की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।
शेयर
IPO में बेचे जाएंगे 8.64 करोड़ शेयर
कार्ल्सबर्ग इंडिया के प्रस्तावित IPO में 8.64 करोड़ इक्विटी शेयर बिक्री के लिए पेश किए जाएंगे। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा।
इसमें कंपनी नए शेयर जारी करके पैसा नहीं जुटाएगी। इसके तहत कंपनी की प्रमोटर इकाई साउथ एशियन ब्रुअरीज अपने शेयर बेचेगी। इस IPO से मिलने वाली रकम शेयर बेचने वाले निवेशक को मिलेगी।
पहले आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस पेशकश के जरिए 70 करोड़ डॉलर तक जुटाए जाने की संभावना है।
राजस्व
तिमाही में बढ़ा राजस्व
कार्ल्सबर्ग इंडिया ने जून, 2026 में समाप्त तिमाही में 3,013.7 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज कि हैया।
यह पिछले साल की समान अवधि के 2,547.2 करोड़ रुपये से 18.3 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, कंपनी का मुनाफा 164.6 करोड़ रुपये से घटकर 158.2 करोड़ रुपये रह गया।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का मुनाफा 22 प्रतिशत बढ़कर 534.5 करोड़ रुपये पहुंचा, जबकि सालाना राजस्व 2.2 प्रतिशत घटकर 8,708.8 करोड़ रुपये रहा।
अन्य
7 और 8 अन्य इकाइयों से होता है उत्पादन
कार्ल्सबर्ग इंडिया देश में 7 ब्रुअरी और 8 अन्य मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों के नेटवर्क के जरिए काम करती है।
इन इकाइयों में कंपनी के उत्पाद तैयार करने और बोतलों में भरने का काम होता है। इसके प्रमुख ब्रांडों में टुबोर्ग, कार्ल्सबर्ग एलीफेंट और क्रोननबर्ग 1664 ब्लैंक शामिल हैं।
प्रस्तावित IPO के प्रबंधन के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया और जेपी मॉर्गन इंडिया को नियुक्त किया गया है।