LOADING...
8 कंपनियों का पूंजीकरण 2.81 लाख करोड़ रुपये घटा, SBI को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान
8 कंपनियों के पूंजीकरण में नुकसान हुआ है

8 कंपनियों का पूंजीकरण 2.81 लाख करोड़ रुपये घटा, SBI को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान

Mar 08, 2026
06:51 pm

क्या है खबर?

पिछले सप्ताह शीर्ष-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 के संयुक्त बाजार मूल्यांकन में 2.81 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का योगदान सबसे ज्यादा रहा है, जिसे खराब शेयर बाजार प्रदर्शन के कारण सबसे बड़ा नुकसान हुआ। पिछले सप्ताह BSE का बेंचमार्क 2,368.29 अंक या 2.91 प्रतिशत गिर गया। शीर्ष-10 में से रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस ही लाभ कमाने वाली कंपनियां रही थीं।

गिरावट 

इन कंपनियों को हुआ नुकसान 

SBI के बाजार पूंजीकरण में भारी गिरावट दर्ज की गई, जो 53,952 करोड़ घटकर 10.55 लाख करोड़ रुपये रह गया। ICICI बैंक का पूंजीकरण इसी अवधि में 46,936 करोड़ घटकर 9.4 लाख करोड़, HDFC बैंक का 46,552 करोड़ गिरकर 13.19 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसी प्रकार लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और भारती एयरटेल के पूंजीकरण में क्रमश: 45,629 करोड़, 28,934 करोड़, 28,492 करोड़, 26,350 करोड़ और 4,732 करोड़ रुपये की गिरावट आई।

बढ़त 

इन कंपनियों को हुआ फायदा 

बाजार पूंजीकरण में गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस शीर्ष-10 में से केवल 2 ऐसी कंपनियां थीं, जिनके बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह वृद्धि देखी गई। रिलायंस का मूल्यांकन 14,750 करोड़ बढ़कर 19.01 लाख करोड़ हो गया, जबकि इंफोसिस का 3,459 करोड़ बढ़कर 5.3 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज घरेलू स्तर पर सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। उसके बाद HDFC बैंक, एयरटेल, SBI, ICICI बैंक, TCS, बजाज फाइनेंस, L&T, इंफोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

Advertisement