कैनवा छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को 6 महीने के वेतन समेत मिलेंगी ये सुविधाएं
क्या है खबर?
डिजाइनिंग प्लेटफॉर्म कैनवा ने अपने कुल कर्मचारियों में करीब 22 फीसदी की कटौती करने का फैसला किया है। इस फैसले से 1,271 कर्मचारी प्रभावित होंगे। हालांकि, कंपनी ने छंटनी के दौरान प्रभावित लोगों को कई तरह की सुविधाएं देने का ऐलान किया है। नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को आर्थिक सहायता के साथ नई नौकरी तलाशने में भी सहयोग मिलेगा। कंपनी ने उनके लिए लैपटॉप, करियर सलाह और स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजाम भी किया है।
सैलरी
6 महीने की सैलरी और लैपटॉप रखने की छूट
कैनवा से बाहर होने वाले कर्मचारियों को कम से कम 6 महीने के वेतन के बराबर रकम दी जाएगी।
कंपनी की ओर से मिला मैकबुक लैपटॉप भी कर्मचारी अपने पास रख सकेंगे। इसके अलावा, उन्हें 1 साल के लिए लिंक्डइन प्रीमियम की सुविधा मिलेगी। कंपनी नई नौकरी पाने में मदद के लिए व्यक्तिगत करियर सलाह देगी।
कर्मचारियों को अपना रिज्यूमे बेहतर बनाने और नौकरी के लिए होने वाले साक्षात्कार की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
बीमा
स्वास्थ्य बीमा और कारोबार शुरू करने के लिए अनुदान
प्रभावित कर्मचारियों को कुछ देशों में 1 साल तक स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। उनके परिवार भी इस सुविधा के दायरे में रहेंगे।
इसके अलावा, कर्मचारी और उनके परिजन 12 महीने तक कंपनी की सहायता सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे। कैनवा अपना कारोबार या सामुदायिक परियोजना शुरू करने की इच्छा रखने वाले कर्मचारियों को 10,000 डॉलर का अनुदान भी देगी।
इस रकम के बदले कंपनी उनके कारोबार में कोई हिस्सेदारी नहीं लेगी।
वजह
धीमी वृद्धि और बढ़ती प्रतिस्पर्धा बनी वजह
कैनवा की सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मेलानी पर्किन्स ने कर्मचारियों को बताया कि कंपनी की वृद्धि की रफ्तार करीब 10 साल में पहली बार धीमी हुई है।
बढ़ते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस खर्च और ChatGPT और जेमिनी जैसे प्लेटफॉर्म से मिल रही चुनौती ने भी कंपनी की मुश्किलें बढ़ाई हैं। इसी वजह से राजस्व वृद्धि का अनुमान 30 से घटाकर 20 फीसदी किया गया है।
कंपनी खर्च घटाने के साथ अपने विभागों के कामकाज में भी बदलाव कर रही है।