कनाडा ने अमेरिकी सामानों पर लगाया 50 फीसदी तक टैरिफ
कनाडा 8 सितंबर से सैकड़ों अमेरिकी उत्पादों पर 50 फीसदी तक का शुल्क लगाने वाला है। यह कदम 2024 के आंकड़ों के अनुसार, 19.9 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 1,800 अरब रुपये) के आयात पर लागू होगा।
यह फैसला अमेरिका के नए टैक्स के सीधे जवाब में लिया है, ताकि अपने स्टील जैसे उद्योगों को अमेरिकी व्यापार नीतियों की सख्ती से बचाया जा सके।
स्टील और एल्युमीनियम पर टैरिफ
कई अमेरिकी स्टील और एल्युमीनियम उत्पादों पर सबसे ज्यादा शुल्क लगेगा। इसके अलावा, दूध और क्रीम जैसे जरूरी डेयरी उत्पादों पर भी भारी टैरिफ लगेगा। पनीर पर कम (25 फीसदी) शुल्क लगेगा, लेकिन प्लाइवुड, फर्नीचर, वाहन और खेती के उपकरणों पर 15 से 50 फीसदी तक का शुल्क लगाया जाएगा।
स्थानीय व्यवसायों और कर्मचारियों पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए कनाडा ने 7.5 अरब कनाडाई डॉलर (करीब 500 अरब रुपये) का एक राहत पैकेज पेश किया है। इसमें कर्ज और रोजगार बीमा में बदलाव जैसे उपाय शामिल हैं, जिससे इन नए व्यापार नियमों से प्रभावित होने वाले लोगों को मदद मिल सके।