कनाडा की भारत में 300 व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल भेजने की योजना
कनाडा, भारत में अपने करीब 300 कारोबारी प्रतिनिधियों को भेज रहा है। बीते 30 सालों में यह अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल है। इन प्रतिनिधियों का मकसद एयरोस्पेस, एग्री-फूड और क्लीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में नए मौके तलाशना है।
कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू इस टीम की अगुवाई करेंगे। यह टीम 12 से 17 अक्टूबर तक मुंबई और बेंगलुरु का दौरा करेगी। कनाडा को उम्मीद है कि इस दौरे से भारत के साथ व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे और नई साझेदारी शुरू होंगी।
व्यापार दोगुना से ज्यादा करने का लक्ष्य
इस दौरे का मुख्य लक्ष्य कनाडा और भारत के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना है। साथ ही दोनों देशों के बीच 2030 तक मौजूदा व्यापार को दोगुना से भी ज्यादा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कनाडा अपने पारंपरिक व्यापारिक साझेदारों से आगे बढ़कर नए देशों के साथ संबंध बनाना चाहता है। यह दौरा उसी कोशिश का हिस्सा है। ये यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देश एक बड़े आर्थिक समझौता पर बातचीत कर रहे हैं।
अभी भी दोनों देशों के बीच अरबों डॉलर का व्यापार होता है, जिसमें रत्न, मशीनें और दवाएं जैसी चीजें शामिल हैं। ऐसे में यह मिशन दोनों देशों के बीच सहयोग के और भी कई दरवाजे खोल सकता है।