LOADING...
BAT-BMS ऐप से क्या सच में बंद हो सकते हैं ई-रिक्शा? जानिए कैसे करता है काम
BAT-BMS ऐप इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

BAT-BMS ऐप से क्या सच में बंद हो सकते हैं ई-रिक्शा? जानिए कैसे करता है काम

Jul 01, 2026
06:08 pm

क्या है खबर?

BAT-BMS नाम का एक ब्लूटूथ मोबाइल ऐप इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई पोस्ट और वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यह ऐप पास में खड़े ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक स्कूटर से जुड़कर उन्हें दूर से बंद कर सकता है। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक या पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है। यह साबित नहीं हुआ है कि यह ऐप सभी इलेक्ट्रिक वाहनों को दूर से नियंत्रित या बंद कर सकता है।

काम

कैसे करता है यह ऐप काम?

BAT-BMS एक मुफ्त मोबाइल ऐप है, जिसे चीन की कंपनी शेन्जेन ग्रेनेर्जी टेक्नोलॉजी ने विकसित किया है। यह ब्लूटूथ वाले स्मार्ट बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम यानी BMS से जुड़कर बैटरी की जानकारी दिखाता है। इसके जरिए यूजर बैटरी का चार्ज, वोल्टेज, करंट, तापमान, सेल वोल्टेज और बैटरी की स्थिति जैसी कई जानकारियां अपने मोबाइल पर देख सकते हैं। इसकी सामान्य ब्लूटूथ रेंज करीब 15 मीटर बताई गई है। यह गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।

काम

हर ई-रिक्शा या स्कूटर से नहीं जुड़ सकता

विशेषज्ञों के अनुसार, यह ऐप हर ई-रिक्शा या इलेक्ट्रिक स्कूटर से अपने आप कनेक्ट नहीं होता है। यह केवल उन्हीं वाहनों के साथ काम करता है, जिनमें ब्लूटूथ सपोर्ट वाला अनुकूल बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम लगा हो। भारत में चलने वाले ज्यादातर ई-रिक्शा सामान्य लेड-एसिड बैटरी या ऐसे लिथियम बैटरी पैक इस्तेमाल करते हैं, जिनमें यह सुविधा नहीं होती। इसलिए हर वाहन से इसका कनेक्ट होना संभव नहीं माना जा रहा है।

Advertisement

चिंता

वायरल दावों से बढ़ी साइबर सुरक्षा की चिंता

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की साइबर सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कुछ लोगों का दावा है कि इस ऐप की मदद से वाहनों की बिजली दूर से बंद की जा सकती है। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी विशेषज्ञों का कहना है कि स्मार्ट बैटरी सिस्टम और कनेक्टेड वाहनों में बेहतर सुरक्षा, सुरक्षित ब्लूटूथ कनेक्शन और मजबूत एक्सेस कंट्रोल की जरूरत लगातार बढ़ रही है।

Advertisement

सलाह

विशेषज्ञों ने दी सतर्क रहने की सलाह

कनेक्टेड इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ने के साथ साइबर सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान देना जरूरी है। कंपनियों को मजबूत एन्क्रिप्शन, सुरक्षित पेयरिंग सिस्टम और बेहतर सॉफ्टवेयर सुरक्षा अपनानी चाहिए, ताकि किसी भी तरह के अनधिकृत एक्सेस का खतरा कम हो सके। फिलहाल ऐसा कोई प्रमाण नहीं है कि BAT-BMS ऐप सभी ई-रिक्शा या इलेक्ट्रिक स्कूटर को दूर से बंद कर सकता है, इसलिए वायरल दावों पर बिना पुष्टि भरोसा नहीं करना चाहिए।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वायरल वीडियो

Advertisement