क्या भारतीय स्पेस-X IPO में कर सकते हैं निवेश? जानिए तरीका
क्या है खबर?
एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X ने अपना IPO लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने 135 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर 75 अरब डॉलर (लगभग 7,200 अरब रुपये) जुटाए और इसकी वैल्यू 1.77 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 170 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गई। इस रिकॉर्ड IPO के बाद दुनियाभर के निवेशकों की नजर स्पेस-X के शेयरों पर है। भारत में भी कई लोग जानना चाहते हैं कि क्या वे इस कंपनी में निवेश कर सकते हैं?
निवेश
भारतीय निवेशक कैसे खरीद सकते हैं शेयर?
भारतीय निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत अमेरिकी शेयरों में निवेश कर सकते हैं। इस योजना के तहत एक व्यक्ति साल में 2.5 लाख डॉलर (लगभग 2.4 करोड़ रुपये) तक विदेश भेज सकता है। निवेशक अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज अकाउंट खोलकर सीधे अमेरिकी शेयर खरीद सकते हैं। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय ETF और म्यूचुअल फंड के जरिए भी अमेरिकी बाजार में अप्रत्यक्ष निवेश का विकल्प उपलब्ध है।
जोखिम
निवेश से पहले जोखिम समझना जरूरी
स्पेस-X का IPO काफी चर्चा में है, लेकिन विशेषज्ञ निवेशकों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी की मौजूदा वैल्यू बहुत ऊंची है। शुरुआती तेजी के बाद शेयर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। कुछ अनुमान यह भी बताते हैं कि मौजूदा स्तर पर निवेश करने वालों को भविष्य में जोखिम का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए केवल लोकप्रियता देखकर निवेश करना सही नहीं माना जा रहा है।
नियम
टैक्स और नियमों का रखना होगा ध्यान
अमेरिकी शेयरों में निवेश करने से पहले भारतीय निवेशकों को टैक्स और नियामकीय नियमों की जानकारी होना जरूरी है। निवेश के लिए KYC और W-8BEN जैसे दस्तावेज पूरे करने होते हैं। विदेशी निवेश से होने वाली कमाई, डिविडेंड और पूंजीगत लाभ की जानकारी आयकर रिटर्न में देना भी जरूरी होता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि निवेशक छोटी रकम से शुरुआत करें और अमेरिका तथा भारत के टैक्स नियमों को समझने के बाद ही बड़ा निवेश करें।