सेंटिएंट ने अमेरिका में IPO के लिए किया आवेदन
कैलिफोर्निया की स्टार्टअप सेंटिएंट ने अमेरिका में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए आवेदन किया है। यह कंपनी ईयरबड्स, वियरेबल्स और कारों के लिए कम बिजली इस्तेमाल करने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स बनाती है।
कंपनी की शुरुआत 2017 में हुई थी। इसका मुख्य फोकस ऐसे प्रोसेसर बनाने पर है, जो डिवाइसेज को सीधे गैजेट पर ही स्मार्ट फीचर्स चलाने में सक्षम बनाते हैं, जिससे क्लाउड की जरूरत नहीं पड़ती।
SYTN नाम से सूचीबद्ध होगी कंपनी
यह कदम ऐसे समय में आया है, जब निवेशक AI को लेकर काफी उत्साहित हैं और कई टेक कंपनियां सार्वजनिक बाजार की ओर बढ़ रही हैं।
दिसंबर, 2024 में सेंटिएंट ने नोल्स के उपभोक्ता माइक्रोफोन कारोबार को खरीद लिया था। इंटेल कैपिटल और माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल फाइनेंस जैसे बड़े नाम इसके निवेशकों में शामिल हैं।
हालांकि, 31 मार्च को समाप्त हुई तिमाही में कंपनी को 2.09 करोड़ डॉलर (190 करोड़ रुपये) का घाटा हुआ था, जबकि इसकी कमाई 6.45 करोड़ डॉलर (करीब 600 करोड़ रुपये) रही। इसके बावजूद यह कंपनी नास्डैक पर 'SYTN' नाम से लिस्ट होने की तैयारी में है, जिसमें कई बड़े बैंक भी सहयोग कर रहे हैं।