सैमसंग, SK हाईनिक्स और माइक्रोन के खिलाफ कैलिफोर्निया में मुकदमा, जानिए क्या है मामला
कैलिफोर्निया में सैमसंग, SK हाईनिक्स और माइक्रोन के खिलाफ एक बड़ा मुकदमा दायर किया गया है। आरोप है कि इन तीनों कंपनियों ने मिलकर DRAM चिप्स की कीमतें जानबूझकर बढ़ाईं।
ये वही चिप्स हैं, जो हमारे ज्यादातर गैजेट्स को पावर देते हैं। मुकदमे में कहा गया है कि इन कंपनियों ने जानबूझकर चिप्स की सप्लाई कम कर दी, जिसके चलते 2022 से अब तक RAM की कीमतों में करीब 700 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी हो गई है।
इन कंपनियों को भरना पड़ा था जुर्माना
मुकदमा दायर करने वालों का कहना है कि इन तीनों कंपनियों ने मिलकर नई कंपनियों को बाजार में आने से रोका। इसके लिए उन्होंने उत्पादन की लागत बहुत ज्यादा रखी और निर्यात में भी रुकावटें पैदा कीं।
ऐसा पहली बार नहीं है, जब इन कंपनियों पर ऐसे आरोप लगे हैं। इससे पहले भी सैमसंग को करीब 30 करोड़ डॉलर (करीब 2,800 करोड़ रुपये) और SK हाईनिक्स को 18.50 करोड़ डॉलर (करीब 1,700 करोड़ रुपये) का जुर्माना भरना पड़ा था।
हालांकि, माइक्रोन ने जांच में सहयोग किया था, इसलिए वह जुर्माने से बच निकली थी। रैम की बढ़ी हुई कीमतों का सीधा असर ऐपल जैसी बड़ी कंपनियों पर भी पड़ा है, जिसके कारण ग्राहकों को अब महंगे गैजेट्स खरीदने पड़ रहे हैं।
फिलहाल, तीनों कंपनियों की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इस मुकदमे का फैसला आने वाले समय में इलेक्ट्रॉनिक्स पर होने वाले खर्च को काफी हद तक प्रभावित कर सकता है।