Page Loader
बजफीड बंद कर रही न्यूज ब्रांच, 15 प्रतिशत कर्मचारियों की करेगी छंटनी
बजफीड में वर्तमान में लगभग 1,200 कर्मचारी कार्यरत हैं (तस्वीर: बजफीड)

बजफीड बंद कर रही न्यूज ब्रांच, 15 प्रतिशत कर्मचारियों की करेगी छंटनी

Apr 21, 2023
01:23 pm

क्या है खबर?

अमेरिका की इंटरनेट मीडिया कंपनी बजफीड अपने 15 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जोना पेरेटी ने गुरुवार को घोषणा की कि बजफीड डॉट कॉम के पुलित्जर पुरस्कार विजेता न्यूज ब्रांच को बंद किया जा रहा है। इस ब्रांच को बंद करके कंपनी हफपोस्ट पर ध्यान केंद्रित करना चाहती है, जिसे उसने 2020 में कंपनी के न्यूज ब्रांड के रूप में अधिग्रहित किया था।

प्रभावित

छंटनी से इतने कर्मचारी होंगे प्रभावित

बजफीड में वर्तमान में लगभग 1,200 कर्मचारी कार्यरत हैं और इस छंटनी से लगभग 125 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। कंपनी की ओर से स्टाफ को भेजे मेमो में कहा गया कि न्यूज डिविजन के अलावा बिजनेस, कंटेंट, टेक और एडमिनिस्ट्रेटिव टीम में भी छंटनी होगी। बजफीड अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कर्मचारियों की छंटनी करने पर विचार कर रही है। कंपनी ने कहा है कि न्यूज डिवीजन के सभी काम बजफीड नेटवर्क के भीतर रिजर्व और उपलब्ध रहेंगे।