बर्मा बर्मा रेस्टोरेंट ने IPO के लिए SEBI के समक्ष दाखिल किए दस्तावेज
बर्मा बर्मा रेस्टोरेंट और टी रूम चलाने वाली कंपनी हंगर पैंग्स लिमिटेड ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के समक्ष अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) के लिए आवेदन किया है।
उसने इसके जरिए 150 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करने की योजना बनाई है। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारक भी अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचेंगे।
कंपनी का मुख्य मकसद पूरे भारत में ज्यादा रेस्टोरेंट खोलना और अपने ब्रांड को आगे बढ़ाना है।
वित्त वर्ष 2026 में राजस्व 46.56 फीसदी बढ़ा
फिलहाल, हंगर पैंग्स 22 रेस्टोरेंट, एक डिलीवरी किचन और 3 वेयरहाउस चलाती है। उसके परिचालन से होने वाले राजस्व में वित्त वर्ष 2025 के मुकाबले वित्त वर्ष 2026 में 46.56 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कंपनी अपनी डिलीवरी और डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) बिजनेस को मजबूत करने की योजना बना रही है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी के कुल राजस्व में डिलीवरी बिजनेस का योगदान 10.76 फीसदी रहा, इसलिए वह आगे भी इस पर खास ध्यान देगी। इस IPO प्रक्रिया को पैंथोमैथ कैपिटल एडवाइजर्स मैनेज कर रहे हैं और SEBI फिलहाल इस आवेदन की समीक्षा कर रहा है।