LOADING...
बजट 2026 में इंडिया AI मिशन को मिला 1,000 करोड़ रुपये का आवंटन
इंडिया AI मिशन को 1,000 करोड़ रुपये का मिला आवंटन

बजट 2026 में इंडिया AI मिशन को मिला 1,000 करोड़ रुपये का आवंटन

Feb 01, 2026
05:23 pm

क्या है खबर?

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज बजट 2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। बजट में इंडिया AI मिशन के लिए 1,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इस कदम का उद्देश्य AI के क्षेत्र में भारत की क्षमता को मजबूत करना है। सरकार चाहती है कि भारत AI के इस्तेमाल और विकास में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाए। यह आवंटन पिछले साल के प्रस्तावित खर्च 2,000 करोड़ रुपये से कम रखा गया है।

इस्तेमाल

कहां और कैसे होगा AI फंड का इस्तेमाल?

बजट में दिया गया यह पैसा AI से जुड़े कई अहम क्षेत्रों में खर्च किया जाएगा। इसमें कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, डाटा प्लेटफॉर्म, रिसर्च लैब, स्टार्टअप सपोर्ट और स्किल डेवलपमेंट शामिल हैं। भारत सरकार का ध्यान सरकारी सेवाओं, हेल्थकेयर, शिक्षा, कृषि और प्रशासन में AI के इस्तेमाल को बढ़ाने पर है। इसके साथ ही, सुरक्षित और भरोसेमंद AI सिस्टम बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि तकनीक आम लोगों के लिए उपयोगी बन सके।

रणनीति

AI को लेकर सरकार की सतर्कता और रणनीति

हाल ही में आए आर्थिक सर्वेक्षण में AI पावर के कुछ बड़ी कंपनियों तक सीमित होने को लेकर चिंता जताई गई थी। सरकार मानती है कि AI का सही संतुलन जरूरी है, ताकि बिजनेस, सुरक्षा और समाज सभी को इसका फायदा मिले। इसी कारण AI गवर्नेंस फ्रेमवर्क पर भी काम किया जा रहा है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि AI का इस्तेमाल जिम्मेदारी से हो और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की अनदेखी न हो।

Advertisement

मिशन

क्या है इंडिया AI मिशन और इसका उद्देश्य?

इंडिया AI मिशन भारत की एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका लक्ष्य देश को AI में आत्मनिर्भर बनाना है। यह मिशन रिसर्च, इनोवेशन और पब्लिक सेक्टर में AI के उपयोग को बढ़ावा देता है। पहले AI का जिक्र केवल नीतिगत स्तर पर होता था, लेकिन अब इसके लिए अलग से बजट और ढांचा तैयार किया गया है। सरकार का मानना है कि यह मिशन भविष्य में रोजगार, विकास और तकनीकी नेतृत्व का मजबूत आधार बनेगा।

Advertisement