LOADING...
बजट 2026 में बड़ा ऐलान, विदेशी निवेशक अब सीधे भारतीय शेयर बाजार में कर सकेंगे निवेश
विदेशी निवेशक अब सीधे भारतीय बाजार में कर सकेंगे निवेश

बजट 2026 में बड़ा ऐलान, विदेशी निवेशक अब सीधे भारतीय शेयर बाजार में कर सकेंगे निवेश

Feb 01, 2026
01:05 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यूनियन बजट 2026 में विदेशी निवेश को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अब विदेश में रहने वाले लोग सीधे भारतीय शेयर बाजार में निवेश कर सकेंगे। भारत सरकार का उद्देश्य भारतीय फाइनेंशियल मार्केट को और गहरा, मजबूत और ज्यादा लिक्विड बनाना है, ताकि देश में लंबी अवधि का विदेशी पूंजी निवेश बढ़ सके और कंपनियों को फंड जुटाने में आसानी हो, साथ ही बाजार की स्थिरता भी बनी रहे।

निवेश

नए नियमों से विदेशी निवेश आसान होगा

बजट में कहा गया है कि विदेश में रहने वाले भारतीय लोग यानी NRI अब पोर्टफोलियो इन्वेस्टमेंट स्कीम के जरिए भारतीय स्टॉक्स खरीद सकेंगे। अभी तक यह रास्ता ज्यादातर रजिस्टर्ड विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों तक ही सीमित था, लेकिन अब इस नए फैसले से निवेशक बढ़ेंगे। नए नियमों से आम विदेशी निवेशकों के लिए भी भारतीय बाजार में एंट्री आसान होगी, जिससे शेयर बाजार में निवेशकों की संख्या, कारोबार और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।

प्रस्ताव

निवेश की लिमिट बढ़ाने का प्रस्ताव

भारत सरकार ने विदेशी निवेश की सीमा बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा है। किसी एक विदेशी व्यक्ति द्वारा किसी भारतीय कंपनी में निवेश की सीमा 5 फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी करने का प्रस्ताव है। वहीं सभी विदेशी निवेशकों को मिलाकर कुल सीमा 10 फीसदी से बढ़ाकर 24 फीसदी करने की योजना है। इससे बड़े और गंभीर निवेशक भारतीय कंपनियों में ज्यादा हिस्सेदारी ले सकेंगे और लंबी अवधि के निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

Advertisement

असर

बॉन्ड मार्केट और पूंजी प्रवाह पर असर

बजट में कॉरपोरेट बॉन्ड मार्केट को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। इसके लिए मार्केट-मेकिंग फ्रेमवर्क लाने का प्रस्ताव है, जिससे बॉन्ड की खरीद-बिक्री आसान होगी। केंद्र सरकार का मानना है कि इन सभी फैसलों से भारत में विदेशी पूंजी का भरोसा बढ़ेगा, शेयर और बॉन्ड बाजार मजबूत होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को लंबे समय तक फायदा मिलेगा, साथ ही रोजगार और विकास को भी सहारा मिलेगा।

Advertisement