बिकवाली के चलते AI चिप शेयरों के मूल्यांकन करीब 1.2 लाख अरब रुपये गिरा
अमेरिकी टेक स्टॉक्स के लिए पिछले कुछ दिन काफी मुश्किल भरे रहे हैं। खासकर सेमीकंडक्टर कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती रही है। ब्रॉडकॉम के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स के नतीजे जब उम्मीद से कम आए तो कंपनी के शेयर करीब 20 फीसदी तक गिर गए। इस वजह से PHLX सेमीकंडक्टर इंडेक्स में 10 फीसदी से ज्यादा की भारी गिरावट आई, जो साल 2020 की शुरुआत के बाद से सबसे बड़ी गिरावट है। कुल मिलाकर, सिर्फ 2 कारोबारी सत्रों में बाजार मूल्य से करीब 1,300 अरब डॉलर (करीब 1.2 लाख अरब रुपये) कम हो गए हैं।
एनवीडिया को हुआ 6 फीसदी का नुकसान
एनवीडिया के शेयरों में 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जिससे उसके बाजार मूल्य से 300 अरब डॉलर (करीब 29,000 अरब रुपये) से भी ज्यादा की रकम गायब हो गई।
माइक्रोन और मार्वेल टेक्नोलॉजी जैसी कंपनियों को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि, इस गिरावट के बावजूद इस साल सेमीकंडक्टर इंडेक्स में अभी भी 73 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मजबूत अमेरिकी नौकरी रिपोर्ट आने के बाद बड़े बाजारों में भी हल्की गिरावट देखी गई, क्योंकि निवेशकों को अब डर है कि ब्याज दरें शायद उम्मीद से ज्यादा समय तक ऊंची बनी रह सकती हैं।