BVI ने भारत में विशाल निवेश कॉरिडोर का रखा प्रस्ताव
ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स (BVI) ने एक खास BVI-भारत निवेश कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव रखा है। उनका मकसद है कि दोनों जगहों के व्यवसायों और निवेशकों के लिए एक साथ काम करना आसान हो सके। यह प्रस्ताव 25 अगस्त को नई दिल्ली में रखा गया।
दरअसल, इन दिनों भारतीय कंपनियां लगातार दुनियाभर में अपना विस्तार कर रही हैं और विदेशी पूंजी भी भारत में निवेश के नए अवसर तलाश रही है।
BVI की गिफ्ट सिटी और UPI मॉडल पर नजर
BVI गुजरात के गिफ्ट सिटी के साथ भी ज्यादा सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रही है। इसका मकसद वित्तीय सेवाओं, सीमा पार कानूनी सेवाओं और निवेश की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करना है।
BVI के अधिकारियों की खास दिलचस्पी भारत के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) भुगतान सिस्टम को जानने में है। वे इसे अपने डिजिटल भुगतान सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए एक बेहतरीन मॉडल के तौर पर देख रहे हैं।
इस दौरान दोनों पक्षों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऊर्जा संक्रमण जैसे वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। सोसाइटी ऑफ इंडियन लॉ फर्म्स (SILF) के अध्यक्ष ललित भसीन ने जोर देकर कहा कि वे दोनों देशों के विशिष्ट नियमों का सम्मान करते हुए आपसी कानूनी संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं।