ब्रिटेन सरकार BT में सुनील मित्तल की 25 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी पर लगाएगी रोक
यूनाइटेड किंगडम (UK) सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं की वजह से भारतीय अरबपति सुनील भारती मित्तल को दूरसंचार समूह BT में 25 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी रखने से रोकने पर विचार कर रही है।
दरअसल, BT की ब्रॉडबैंड शाखा ओपनरीच ब्रिटेन के 2.2 करोड़ से ज्यादा घरों को जोड़ती है और इसे देश के इंफ्रास्ट्रक्चर का एक बहुत ही अहम हिस्सा माना जाता है।
ऐसे में, अगर मित्तल 25 फीसदी की सीमा को पार करने की कोशिश करते हैं तो एक औपचारिक सुरक्षा समीक्षा शुरू हो जाएगी।
समीक्षा के बाद सरकार ने हिस्सेदारी को दी मंजूरी
2024 में मित्तल की कंपनी ने अल्टिस के संस्थापक पैट्रिक द्रही से BT में 24.5 फीसदी हिस्सेदारी हासिल की थी, जिससे वह कंपनी में एक रणनीतिक निवेशक बन गए।
मित्तल के निवेश के बाद से BT के शेयरों की कीमत में 55 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उन्हें कंपनी के बोर्ड में 2 सीटें मिलीं और उन्होंने BT के बदलाव के कार्यक्रम को अपना समर्थन भी दिया, लेकिन सरकार ने उनकी इस हिस्सेदारी को मंजूरी देने से पहले एक गहन सुरक्षा समीक्षा की थी।
अधिकारियों का कहना है कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि देश के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को अपने नियंत्रण में रखने के बारे में है।