ब्रेंट क्रूड 92 डॉलर के नीचे फिसला, क्यों लगातार गिर रही हैं कच्चे तेल की कीमतें?
क्या है खबर?
दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है। आज (10 नवंबर) ब्रेंट क्रूड का भाव 0.98 प्रतिशत यानी 90 सेंट गिरकर 91.66 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। पिछले हफ्ते भी इसकी कीमत में 12.50 प्रतिशत यानी 13.09 डॉलर की कमी आई थी। यह अगस्त के आखिर के बाद इसका सबसे निचला स्तर है। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 1.16 प्रतिशत गिरकर 85.84 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
#1
ईरान के साथ बातचीत से बढ़ी उम्मीद
तेल की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष खत्म होने की उम्मीद है।
निवेशक मान रहे हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत से तनाव कम हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि संघर्ष खत्म होने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
इस बयान से तेल की आपूर्ति लंबे समय तक प्रभावित रहने की आशंका कुछ कम हुई है।
#2
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता में कमी
होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी कीमतों पर असर डाल रही थी।
यह दुनिया का अहम समुद्री रास्ता है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल दूसरे देशों तक पहुंचता है। इस रास्ते पर जहाजों की आवाजाही सामान्य होने और कूटनीतिक बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद से निवेशकों की चिंता घटी है।
हालांकि, यहां टैंकरों पर हमले और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां अब भी जारी हैं।
#3
आगे भी बातचीत और हमलों पर रहेगी नजर
कच्चे तेल की कीमतों में आगे होने वाला बदलाव काफी हद तक अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत पर निर्भर करेगा।
अगर समझौते की दिशा में प्रगति होती है तो तेल के दाम और नीचे आ सकते हैं। वहीं, बातचीत रुकने या तेल आपूर्ति से जुड़े रास्तों पर नए हमले होने से कीमतें फिर बढ़ सकती हैं।
निवेशक तेल की मांग और आपूर्ति से जुड़ी EIA, ओपेक और IEA की मासिक रिपोर्ट पर भी नजर रखेंगे।